Bhilai Crime News: इंस्टाग्राम लिंक के बहाने युवक से 48.67 लाख की ठगी, आंध्र प्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई, 01 दिसंबर 2025 / फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने भिलाई के एक युवक से करीब 48.67 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम जब्त किए गए हैं।
💻 इंस्टाग्राम पर भेजा था फर्जी लिंक
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक को इंस्टाग्राम पर एक अनजान व्यक्ति ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने उसे एक लिंक भेजा। कम समय में बड़ा फायदा होने की उम्मीद में युवक ने लिंक पर क्लिक किया और चरणबद्ध तरीके से पैसे जमा करवाए। इस तरह शातिर ठगों ने उससे कुल 48,67,500 रुपये ऐंठ लिए।
ठगी का एहसास होने पर युवक ने इसकी शिकायत तत्काल पुलिस में दर्ज करवाई।
🚔 पुलिस ने टेक्निकल ट्रैकिंग से पकड़े आरोपी
दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने प्राप्त शिकायत के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान आरोपियों की लोकेशन आंध्र प्रदेश में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को अनकापल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त कर लिए हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
⚠️ पुलिस की अपील
ऑनलाइन निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग जैसे संदेशों पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच जरूर करें और अनजान व्यक्तियों से आए मैसेज तुरंत ब्लॉक करें।



