धमतरी में धान खरीदी रफ्तार पर: सख्त मॉनिटरिंग का बड़ा असर, किसानों को मिल रहा तुरंत भुगतान

रायपुर, 29 नवम्बर 2025।
किसानों को राहत देने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लक्ष्य के साथ धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन तेज रफ्तार से जारी है। जिले की 74 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 100 उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 1,27,851 किसानों द्वारा 1,19,541.09 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया जा चुका है। इनमें 76,046 सीमांत, 49,493 लघु और 2,312 दीर्घ किसान शामिल हैं।
17 हजार से ज्यादा किसानों से 81,704 मीट्रिक टन धान खरीदी
15 से 28 नवम्बर 2025 के बीच 17,580 किसानों से 81,704.52 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। खरीदी गई उपज का मूल्य 193.86 करोड़ रुपये है, जिसका भुगतान प्रतिदिन किसानों के खातों में सीधे किया जा रहा है। त्वरित भुगतान की यह व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
हर उपार्जन केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात
खरीदी व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर जिला स्तर के नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी सप्ताह में एक बार निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू और किसानों के अनुकूल रहे।
कोचियों पर बड़ी कार्रवाई—1,253 मीट्रिक टन धान जब्त
अवैध धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग का संयुक्त उड़नदस्ता लगातार सक्रिय है।
उड़ीसा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद और सांकरा चेकपोस्ट पर 24×7 कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अब तक अवैध गतिविधियों के 28 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिसमें 1,253 मीट्रिक टन धान और दो वाहन जप्त किए गए हैं। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कस्टम मिलिंग ने पकड़ी रफ्तार
विपणन वर्ष 2024-25 में अर्जित धान की मिलिंग के लिए जिले में 102 राइस मिलों का पंजीयन किया गया है। इनमें से 55 मिलों को 2,51,552 मीट्रिक टन धान उठाव की अनुमति दी गई है, जबकि 1,99,248 मीट्रिक टन का अनुबंध सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
शिकायतों के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सक्रिय
कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 11 में स्थापित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अब तक प्राप्त 17 शिकायतों में से 14 का समाधान कर दिया गया है, जबकि 3 पर कार्रवाई जारी है।
किसान अपनी शिकायतें 07722-232808 पर दर्ज करा सकते हैं।
धमतरी जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम, सुरक्षित और पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए वह पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



