छत्तीसगढ़
Raipur News: साइंस कॉलेज चौपाटी पर हंगामा! भाजपा-कांग्रेस में भिड़ंत, विकास उपाध्याय समेत कई कांग्रेसी हिरासत में – BJP विधायक राजेश मूणत ने बताई चौपाटी हटाने की असली वजह

रायपुर। साइंस कॉलेज मैदान स्थित चौपाटी हटाने को लेकर राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। चौपाटी को हटाने पहुंची नगर निगम टीम और पुलिस बल का कांग्रेस नेताओं से जोरदार आमना-सामना हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि झूमाझटकी और धक्का-मुक्की तक देखने को मिली। अंततः भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम प्रशासन ने चौपाटी को हटवा दिया।
वहीं विरोध कर रहे पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
राजेश मूणत की प्रेस कॉन्फ्रेंस— बताई चौपाटी हटाने की वजह
चौपाटी हटने के बाद भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा—
- “चौपाटी का निर्माण शुरू होने के समय से ही भाजपा ने सवाल उठाए थे। यह पूरा क्षेत्र एजुकेशन हब के लिए निर्धारित था। हमने उस समय भी धरना-प्रदर्शन किया था।”
- “स्मार्ट सिटी ने यूथ हब के नाम पर प्रोजेक्ट शुरू किया, टेंडर निकाला, लेकिन चौपाटी नगर निगम की नहीं थी। ज़मीन पूरे 3 महीने पहले तक खेल विभाग की थी।”
- “यहां स्टेशनरी, कंप्यूटर दुकानें और लाइब्रेरी खुलनी थी, न कि चौपाटी।”
‘अवैध चौपाटी थी, कांग्रेस ने दिया बढ़ावा’ — मूणत
विधायक मूणत ने चौपाटी संचालकों और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा—
- “चौपाटी की जगह 1000 सीटर लाइब्रेरी का टेंडर जारी हो चुका है।”
- “दुकान संचालकों ने निगम के साथ समझौता किया है, इसलिए चौपाटी हटना तय था।”
- “यह अवैध चौपाटी थी, और इसे बढ़ावा देना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है।”
- “रात 2 बजे कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मेरे घर के बाहर प्रदर्शन करते हैं… क्या एक जनप्रतिनिधि घर पर सो भी नहीं सकता?”
- “इससे साफ है कि चौपाटी संचालकों और कांग्रेस के बीच लेनदेन हुआ है।”
मूणत के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस में महापौर और एमआईसी मेंबर भी उपस्थित रहे।



