बस्तर में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘पंडुम कैफे’ का किया शुभारंभ

रायपुर, 17 नवम्बर 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जगदलपुर में ‘पंडुम कैफे’ का उद्घाटन किया, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और पुनर्वास की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। यह कैफे नक्सली हिंसा के पीड़ितों और समर्पण कर चुके सदस्यों को सम्मानजनक और स्थायी आजीविका प्रदान करने का अवसर देता है।
मुख्यमंत्री ने कैफे में कार्यरत नारायणपुर की फगनी, सुकमा की पुष्पा ठाकुर, बीरेंद्र ठाकुर, बस्तर की आशमती और प्रेमिला बघेल से बातचीत की और उन्हें नई शुरुआत के लिए प्रेरित किया। श्री साय ने कहा कि ‘पंडुम कैफे’ बस्तर में नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक प्रतीक है।

कैफे में प्रशिक्षण प्राप्त युवा अब आतिथ्य, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता कौशल में दक्ष हो चुके हैं। एक पूर्व माओवादी कैडर ने कहा कि “बारूद की जगह कॉफी परोसना और अपनी मेहनत की कमाई से जीना हमें शांति और सम्मान दे रहा है।”
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जगदलपुर महापौर संजय पांडे सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

‘पंडुम’ बस्तर की सांस्कृतिक जड़ों का प्रतीक है और इसकी टैगलाइन “जहाँ हर कप एक कहानी कहता है” दर्शाती है कि यहां परोसी गई कॉफी सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और नई शुरुआत की कहानी भी लेकर आती है।
यह पहल न केवल शांति स्थापित करने में सहायक है, बल्कि बस्तर में सामाजिक-आर्थिक बदलाव की दिशा में एक नया अध्याय भी खोल रही है।



