छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर रायगढ़ में बोले वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी — “राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ तेजी से बढ़ा विकास के पथ पर”, शिक्षा-स्वास्थ्य और अधोसंरचना में अभूतपूर्व प्रगति

रायगढ़, 03 नवंबर 2025 / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि राज्य ने 25 वर्षों में आत्मनिर्भरता और प्रगति की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि को जाता है, जिन्होंने इस प्रदेश को अलग पहचान दी।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, तब छत्तीसगढ़ भी उसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के हालिया छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान अनेक विकास कार्यों की सौगात दी गई है।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण से पहले छत्तीसगढ़ की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन आज यह शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और अधोसंरचना में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि जहां राज्य गठन के समय केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब 14 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और जल्द ही संख्या 20 से अधिक होगी। एमबीबीएस सीटें भी 100 से बढ़कर 2000 तक पहुंचने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान संचालित हो रहे हैं। रायगढ़ में भी नालंदा परिसर, संस्कृत महाविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, उद्यानिकी महाविद्यालय और नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऑक्सीजोन पार्क, एथलेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल, क्रिकेट और फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण भी जारी है।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, सभापति डिग्रीलाल साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राज्योत्सव के प्रथम दिन स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणेश वंदना, शिव स्त्रोत नृत्य, कथक और मराठी लोकनृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।



