छत्तीसगढ़

भाजपा का बड़ा हमला: केदार कश्यप ने कांग्रेस को बताया ‘झूठ की फैक्ट्री’, भूपेश बघेल सरकार पर लगाए कोयला घोटाले और संसाधन लूट के गंभीर आरोप, जारी किए दस्तावेज

रायपुर, 20 जुलाई 2025 — छत्तीसगढ़ में कोयला आवंटन और वन कटाई के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ बड़ा हमला बोला है। आज रायपुर के एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस को “झूठ की फैक्ट्री” करार देते हुए कई दस्तावेज जारी किए और भूपेश बघेल सरकार पर प्रदेश के संसाधनों को “अपने आकाओं के साथ मिलकर बेचने” का आरोप लगाया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासनकाल में शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को लूटा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब भी कानून सम्मत कार्यवाही से बचने के लिए झूठ का सहारा ले रही है और जनता को गुमराह कर रही है।

कश्यप ने प्रेस वार्ता में खुलासा किया कि कोल ब्लॉक तारा परसा ईस्ट और कांटे बेसन को खोलने की सिफारिश 23 जून 2011 को तत्कालीन केंद्र सरकार ने की थी। इसके बाद भी कांग्रेस नेतृत्व में हसदेव अरण्य को नो-गो से गो एरिया में बदलने, गारे पेलमा सेक्टर-2 का ऑपरेटर अडानी को बनाने, और 2019 से 2023 तक वन स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया में राज्य सरकार की संलिप्तता रही।

कश्यप ने कहा कि –

“भूपेश बघेल झूठ की फैक्ट्री चला रहे हैं। उन्होंने स्वयं कोयला आवंटन के लिए पत्र लिखे और पर्यावरण स्वीकृति दिलवाई। अब अपनी कालिख छुपाने के लिए रोज़ 100 झूठ बोल रहे हैं।”

भाजपा ने कांग्रेस से तीन तीखे सवाल पूछे:

  1. क्या कांग्रेस मनमोहन सिंह सरकार के समय हुए फैसलों के लिए माफी मांगेगी?
  2. क्या भूपेश बघेल अब राजीव भवन और अपने घर की बिजली बंद करेंगे?
  3. क्या कांग्रेस हर अपराधी के पक्ष में ऐसे ही खड़ी रहेगी जैसे आज एक पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे के लिए हो रही है?

मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में भूपेश बघेल ने राजस्थान के तत्कालीन मंत्री बी.डी. कल्ला और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पत्रों के आधार पर तेजी से कोयला ब्लॉक आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और कई बार पत्राचार कर परमिशन दिलवाई।

प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, पंकज झा, अमित चिमनानी, आलोक सिंह, और सोमेश पांडेय भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के ज़रिए अब यह साफ हो गया है कि कांग्रेस ने जानबूझकर जनता को गुमराह किया और अब भी सच्चाई से भाग रही है।

यह प्रेस वार्ता आने वाले दिनों में कांग्रेस के लिए राजनीतिक संकट खड़ा कर सकती है। भाजपा ने संकेत दिए हैं कि वह यह मुद्दा सड़क से सदन तक उठाएगी।

1001518797 removebg preview
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button