गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र पर बना 6-लेन पुल देश को समर्पित, 7 मिनट में होगी यात्रा — एयरफोर्स ने दिखाया दम

ग़ुवाहाटी, 14 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। लगभग 2.86 किमी लंबा यह आधुनिक 6-लेन पुल करीब 3030 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है और गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से सीधे जोड़ेगा। पुल शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सफर अब सिर्फ 7 मिनट में पूरा हो सकेगा।
यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल है, जिसमें भूकंपीय सुरक्षा के लिए बेस-आइसोलेशन तकनीक, फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग और हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल लगाए गए हैं। साथ ही ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम रियल-टाइम निगरानी कर सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने मोरान में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपातकालीन लैंडिंग स्ट्रिप का भी शुभारंभ किया। इस दौरान भारतीय वायु सेना ने राफेल, सुखोई और मिग लड़ाकू विमानों के साथ एयर शो किया और हाईवे पर सफल लैंडिंग-टेकऑफ का प्रदर्शन हुआ।
करीब 1 लाख लोगों की मौजूदगी में हुआ यह कार्यक्रम पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी और सामरिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। 4.2 किमी लंबी यह स्ट्रिप जरूरत पड़ने पर सैन्य और नागरिक विमानों के वैकल्पिक रनवे के रूप में भी काम करेगी।



