झुमका जलाशय में 500 सीट का ओपन थिएटर शुरू: बोटिंग-वॉटर स्पोर्ट्स का CM ने लिया जायजा, बोले—पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार

रायपुर/बैकुंठपुर, 17 फरवरी 2026। Vishnu Deo Sai ने कोरिया जिले के प्रसिद्ध झुमका जलाशय का दौरा कर यहां विकसित पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण किया और 27 लाख रुपए की लागत से बने ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। लगभग 500 दर्शकों की क्षमता वाला यह मंच अब सांस्कृतिक आयोजनों का नया केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने जलाशय में शिकारा से नौका विहार किया और बोटिंग-वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की सराहना की। चारों ओर हरियाली, शांत जलराशि और कमल से सजा क्षेत्र अब प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि झुमका जलाशय केवल कोरिया जिले की पहचान नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की बड़ी संभावनाओं का प्रतीक है। सरकार पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों की सुरक्षा-स्वच्छता पर लगातार काम कर रही है। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



