3400 करोड़ की नहर लिंक परियोजना मंजूर: ‘सिकासार’ का अतिरिक्त पानी अब महासमुंद तक, 79 हजार परिवारों को मिलेगा फायदा

गारियाबंद/महासमुंद।छत्तीसगढ़ में जल प्रबंधन को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। ‘सिकासार-कोडार जलाशय नहर लिंक परियोजना’ को 3400 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के जरिए सिकासार जलाशय का अतिरिक्त पानी अब महासमुंद जिले तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सूखे की समस्या को काफी हद तक खत्म करने का लक्ष्य है।
परियोजना के तहत 88 किलोमीटर लंबी भूमिगत स्टील पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे पानी सीधे एक डैम से दूसरे डैम तक पहुंचाया जाएगा। इस आधुनिक तकनीक से वाष्पीकरण और रिसाव के कारण होने वाली पानी की बर्बादी को रोका जा सकेगा। अनुमान है कि इससे 30 से 35 मिलियन घन मीटर पानी की बचत होगी।
इस योजना से 25 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन पर सिंचाई सुविधा मिलेगी। साथ ही 178 गांवों को पेयजल और औद्योगिक उपयोग के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। कुल 79,650 परिवार इस परियोजना से लाभान्वित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग की है।
परियोजना में SCADA और सेंसर तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे पानी की आपूर्ति को कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जा सकेगा। जरूरत के अनुसार गांवों में पानी का वितरण ऑटोमैटिक होगा।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। यह राज्य की पहली “डेम-टू-डेम” लिंक परियोजना होगी, जिसे जल प्रबंधन में बड़ा नवाचार माना जा रहा है।
दूसरे चरण में इस योजना को आगे बढ़ाते हुए सिकासार को अमानाला और सोन नदी से जोड़ने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे और अधिक क्षेत्रों को लाभ मिल सकेगा।



