29.20 लाख से बने महतारी सदन का लोकार्पण: बम्हनी की महिलाओं को मिला बैठक, प्रशिक्षण और स्वरोजगार का स्थायी केंद्र

रायपुर, 20 फरवरी 2026।
ग्रामीण महिलाओं को संगठित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के तहत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बम्हनी में 29.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य डॉ. वीरेन्द्र साहू, संतोष कौशिक, सुरेश सिंगौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और गांव स्तर तक ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। महतारी सदन बनने से क्लस्टर स्तर पर महिलाओं की बैठक, प्रशिक्षण, सामाजिक कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। यह भवन केवल बैठक स्थल नहीं बल्कि सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक महतारी सदन में दुकानों का भी निर्माण किया गया है, जिससे भवन के संचालन और रखरखाव का खर्च स्वयं पूरा हो सकेगा। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कबीरधाम जिला को महतारी सदन योजना के तहत 19 भवनों की सौगात मिली है, जिनका निर्माण तेजी से चल रहा है। इससे पहले जिले में 5 महतारी सदनों का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जा चुका है। इन भवनों के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर संसाधन, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र संचालित किया जाएगा, जहां महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि, वृद्धा पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ गांव में ही आसानी से मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा क्षेत्र में विकास की गति लगातार बढ़ रही है। रायपुर-बिलासपुर मार्ग के फोरलेन निर्माण तथा कवर्धा प्रवेश मार्ग के उन्नयन के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में आवागमन और अधिक सुगम होगा।



