
रायपुर, 12 फ़रवरी 2026। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सेंट्रल जेल में बंद दो विचाराधीन कैदी कोर्ट परिसर से फरार हो गए। दोनों कैदियों को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था, लेकिन पेशी से पहले ही वे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद थे और उनकी नियमित रूप से कोर्ट में पेशी हो रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों कैदी कोर्ट मोहऱिर की अभिरक्षा में थे। पेशी से पहले मौका पाकर दोनों अचानक परिसर से फरार हो गए। जब आसपास कैदी नजर नहीं आए तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर जेल प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर में नाकेबंदी कर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद कोर्ट परिसर और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।



