14 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी : सदन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का बड़ा ऐलान, राज्यस्तरीय प्लेसमेंट कैंप का फैसला

रायपुर, 15 दिसंबर 2025/ प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। विधानसभा में जवाब देते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जिलास्तर पर सफल प्लेसमेंट कैंप के बाद अब राज्यस्तरीय प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए प्रदेश के करीब 14,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि सरकार युवाओं को नौकरी से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिलों में आयोजित प्लेसमेंट कैंप में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके बाद अब इसे राज्यस्तर पर विस्तार देने का निर्णय लिया गया है। राज्यस्तरीय कैंप में निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। आने वाले समय में कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी प्लेसमेंट कैंप से जोड़ा जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और बढ़ें।
सदन में मंत्री के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष ने सरकार की पहल की सराहना की, वहीं विपक्ष ने रोजगार प्रक्रिया की पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर सवाल भी उठाए।



