राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का जलवा: रायपुर के भाई-बहन ने AI समिट में जीता पहला स्थान, ‘कर्तव्य’ ऐप से डिजिटल ठगी पर लगेगी लगाम

रायपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इंपैक्ट समिट में रायपुर के प्रतिभाशाली सिबलिंग अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
40 हजार प्रतिभागियों के बीच बने विजेता
इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन में देशभर से आए 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों के बीच तीन कठिन चरणों को पार करते हुए दोनों ने शीर्ष स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि उनकी असाधारण प्रतिभा, मेहनत और नवाचार क्षमता का प्रमाण मानी जा रही है।
‘कर्तव्य’ ऐप से फर्जी कॉल-आवाज की पहचान
दोनों ने “कर्तव्य” नाम का AI ऐप विकसित किया है, जो AI-जनित आवाज और वास्तविक आवाज में अंतर पहचानकर लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने में मदद करेगा। तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के दौर में यह तकनीक बेहद उपयोगी मानी जा रही है और तकनीक को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का प्रेरक उदाहरण बनी है।
सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा परंपरा और आधुनिकता दोनों में आगे बढ़ रहे हैं। यह प्रदेश के समग्र विकास का सशक्त प्रमाण है।
उन्होंने अनुराग और आस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं की यह उपलब्धि देशभर के लिए प्रेरणादायक है।



