छत्तीसगढ़
Trending

महासमुंद में बजट पर युवाओं से सीधा संवाद: “नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें” – अनुज शर्मा

महासमुंद। स्थानीय विशाल मेगा मार्ट परिसर में आयोजित ‘बजट युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण सिंह देव उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बजट की प्रमुख बातों से अवगत कराना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना था।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं और युवा उद्यमियों ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप सब्सिडी तथा स्थानीय उद्योगों में रोजगार को लेकर सवाल पूछे, जिनका अतिथियों ने विस्तार से जवाब दिया।

आत्मनिर्भरता और हुनर पर जोर

अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज का बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला दस्तावेज है। उन्होंने युवाओं से अपनी भाषा, संस्कृति और मिट्टी पर गर्व करने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत अपनी पहचान से होती है।

उन्होंने कहा —

“आज का युग डिग्री का नहीं, हुनर का है। सरकार अवसर दे सकती है, लेकिन उन्हें सफल बनाना युवाओं की जिम्मेदारी है। हमें नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।”

उन्होंने युवाओं को जोखिम लेने, नवाचार करने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लेने को प्रेरित किया। साथ ही कहा कि 2047 के विकसित भारत की नींव आज का आत्मनिर्भर युवा ही रखेगा।

स्टार्टअप और MSME को मिलेगा बल

विधायक ने बताया कि बजट में MSME और स्टार्टअप के लिए टैक्स राहत और फंड की व्यवस्था युवाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने असफलताओं से न डरने और निरंतर प्रयास करते रहने की बात कही।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा सहित कई जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने ऐसे संवादों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग रखी, ताकि उन्हें नीति और योजनाओं की जानकारी सीधे जनप्रतिनिधियों से मिल सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button