‘मेरी मौत की जिम्मेदार मैं खुद’ लिखकर टीचर ने लगाई आग: भिलाई में बाथरूम से जली लाश बरामद

दुर्ग-भिलाई | 12 फ़रवरी 2026
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भिलाई सेक्टर-8 में रहने वाली 50 वर्षीय शिक्षिका रजनी देवांगन ने कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखने के बाद खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। बाथरूम से उनका जला हुआ शव बरामद किया गया। मौके से माचिस की तीली भी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सुसाइड नोट में लिखी शारीरिक परेशानी की बात
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें रजनी देवांगन ने लिखा है कि वह शारीरिक परेशानी की वजह से यह कदम उठा रही हैं और इसकी जिम्मेदार वह स्वयं हैं। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है। हस्तलेखन की भी जांच कराई जाएगी।
ट्यूशन पढ़ाने के दौरान सामने आई घटना
रजनी देवांगन अपने घर पर ही पहली से लेकर 12वीं तक के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। 10 फरवरी की शाम जब बच्चे ट्यूशन के लिए पहुंचे तो घर के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसी दौरान घर के भीतर से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि बाथरूम में आग लगी हुई थी। अंदर एक महिला की जली हुई लाश पड़ी थी, जिसकी पहचान रजनी देवांगन के रूप में हुई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सीएसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मौके पर माचिस की तीली मिली है। फिलहाल किसी तरह की बाहरी साजिश या दुर्घटना की आशंका सामने नहीं आई है, लेकिन सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।
परिवार की स्थिति सामान्य, बेटा डॉक्टर
रजनी देवांगन के पति एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। उनका बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत जलने से ही होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।



