छत्तीसगढ़ में टेक्नोलॉजी को आज मिलेगा नया बूस्ट: आईटी विभाग और STPI के बीच MOU, उद्यमिता व इलेक्ट्रॉनिक्स नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 10 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में 10 फरवरी को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुबह 10.30 बजे होने वाले इस समझौते के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (COE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। इन केंद्रों के लिए STPI द्वारा तकनीकी और संस्थागत सहयोग प्रदान किया जाएगा।
COE के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट एग्रीकल्चर जैसे क्षेत्रों में स्टार्ट-अप और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, ESDD सेंटर हर साल 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और MSME को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, स्किल डेवलपमेंट और क्षमता निर्माण की सुविधाएं देगा।
इस पहल से छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए उच्च कौशल आधारित रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे। युवाओं को इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग लिंकज, क्लाउड व डेटा सेंटर सेवाएं और अत्याधुनिक लैब्स राज्य के भीतर ही उपलब्ध होंगी, जिससे महानगरों की ओर पलायन में कमी आएगी।
STPI देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष COE के माध्यम से आईटी और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को मजबूती देने वाली अग्रणी संस्था है। सॉफ्टवेयर निर्यात, डेटा सेंटर और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में इसका व्यापक अनुभव है।
STPI के साथ यह एमओयू छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय नवाचार नेटवर्क से जोड़ेगा और राज्य को डिजिटल इनोवेशन व तकनीकी उद्यमिता के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।



