रायगढ़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: किराए के मकान में चल रहा था गोरखधंधा, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केलो बिहार कॉलोनी में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर देर रात छापेमार कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किराएदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर अनैतिक देह व्यापार करवा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।
योजना के तहत पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा। पाइंटर से तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर मकान के अंदर तीन महिलाएं, पाइंटर, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा मौजूद मिले। तलाशी के दौरान देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि डिंपी इजारदार मकान में महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति कराता था और वह उसी सिलसिले में वहां आया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार किराए के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार कराता था, स्वयं इसका संचालन और प्रबंधन करता था तथा दलाली की भूमिका निभा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दी गई रकम और आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (40 वर्ष), पिता जीवनलाल इजारदार, निवासी केलो बिहार कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
- नागेंद्र विश्वकर्मा (35 वर्ष), पिता विनोद विश्वकर्मा, निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़



