CG में रेत माफिया का आतंक: अवैध खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार पर चढ़ाया ट्रैक्टर, बाल-बाल बचे अधिकारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध रेत खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि कार्रवाई करने पहुंचे नायब तहसीलदार पर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने पर चालक ने अधिकारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, गनीमत रही कि नायब तहसीलदार ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है, जहां ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी है। रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकते ही चालक रितुराज सिंह (निवासी खैरखंडी) ने आधी रेत नदी में खाली कर दी और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जब नायब तहसीलदार ने उसे रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
बाल-बाल बचे अधिकारी, बस्ती की ओर भागा आरोपी
नायब तहसीलदार साहू ने फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया। मामले में राजस्व अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
आरोपी को गिरफ्तार कर बेलतरा तहसीलदार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
हमले के बावजूद नहीं हुई ट्रैक्टर और रेत की जब्ती
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नायब तहसीलदार पर जानलेवा हमले के बावजूद प्रशासन ने न तो ट्रैक्टर जब्त किया और न ही रेत। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रह चुका है और आदतन अपराधी है।
रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि नायब तहसीलदार के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई है और आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।
👉 यह मामला एक बार फिर अवैध रेत खनन और प्रशासनिक सख्ती की हकीकत पर सवाल खड़े करता है।



