छत्तीसगढ़
Trending

गरियाबंद में दो समुदायों में हिंसा: घरों में आगजनी, 3-4 वाहन फूंके; पथराव में पुलिसकर्मी घायल, मंदिर तोड़ने के पुराने विवाद से भड़का बवाल

गरियाबंद, 02 फ़रवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार को दो समुदायों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बकली गांव में जमकर पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घरों में आग लगा दी, वहीं 3 से 4 वाहनों को भी फूंक दिया गया। हालात काबू में करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल पुलिसकर्मी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। देर रात आईजी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति आंशिक रूप से नियंत्रण में आई। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।

जेल से छूटे आरोपियों से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, करीब चार महीने पहले हथखोज गांव में लूटपाट और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में फिंगेश्वर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में जमानत पर रिहा हुए आरोपियों ने रविवार सुबह बकली गांव में शिकायतकर्ता को देखकर मारपीट शुरू कर दी।

देखते ही देखते मामला दो समुदायों के बीच संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने हथियारों से हमला किया, जिसमें कई ग्रामीण घायल हो गए। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है।

जवाबी कार्रवाई में घर और वाहन जलाए

हमले के बाद दूसरे समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में 3 से 4 वाहन जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों का आरोप: मंदिर तोड़ने का पुराना मामला

ग्रामीण जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि विवाद की जड़ डेढ़ साल पुराना शिव मंदिर तोड़ने का मामला है, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि आरोपी इसी रंजिश के चलते गांव के लोगों पर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, हमलावरों ने एक ही दिन में 4 से 5 लोगों पर हमला किया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button