राष्ट्रीय
Trending

उत्तर भारत में बर्फ का तूफान, हिमाचल में 885 सड़कें बंद

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को सफेद चादर में ढक दिया है। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक बर्फबारी के खूबसूरत नजारे देखने को मिल रहे हैं। औली, बद्रीनाथ और केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई है, जिससे पर्यटकों का उत्साह दोगुना हो गया है।

हालांकि, बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड भी बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार रात कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में पारा माइनस 9 डिग्री और कुपवाड़ा में माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

हिमाचल में हालात बिगड़े, 885 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते 885 सड़कें बंद हो गई हैं। यातायात के साथ-साथ बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बीते 24 घंटों में हुई बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में फिर से भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

मैदानी राज्यों में भी शीतलहर

बर्फीले पहाड़ों का असर मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। गुरुवार को दोनों राज्यों के कई शहरों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में 2 डिग्री और भिवानी में 2.5 डिग्री तापमान रहा, जबकि पंजाब के फरीदकोट में 3 डिग्री और बठिंडा में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पर्यटन को बढ़ावा, लेकिन चुनौतियां भी

बर्फबारी से पहाड़ों की खूबसूरती चरम पर है और पर्यटक इन नजारों का आनंद ले रहे हैं। वहीं, भारी बर्फ के कारण कई इलाकों में वाहन फंसने और ट्रैफिक जाम की समस्याएं भी सामने आई हैं। कई जगह यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button