खनिज विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सख्त, बोले— पारदर्शिता और रोजगार दोनों हों प्राथमिकता

रायपुर, 23 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में खनिज साधन विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में खनिज अन्वेषण, खनिज ब्लॉक नीलामी, जिला खनिज न्यास (DMF), तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने टिन पोर्टल के ज़रिए समय पर और नियमित भुगतान व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे विभागीय कामकाज में पारदर्शिता बढ़ी है और हितग्राहियों का भरोसा मजबूत हुआ है।
उन्होंने कोरंडम उत्खनन से स्थानीय लोगों को कटिंग और पॉलिशिंग जैसे कार्यों में अधिक से अधिक रोजगार देने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों को भरोसे में लेकर शुरू हों खनन प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को विश्वास में लेकर परियोजनाओं के लाभों का प्रभावी प्रचार किया जाए और तय समय-सीमा में खनन कार्य शुरू हो।
साथ ही उन्होंने DMF से विकास कार्यों की स्वीकृति नियमानुसार शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो सके।
‘खनिज ऑनलाइन 2.0’ से पारदर्शिता को बढ़ावा
अधिकारियों ने बताया कि विभागीय कामकाज में पारदर्शिता के लिए ‘खनिज ऑनलाइन 2.0’ सिस्टम विकसित किया गया है।
इसके साथ ही खनिज ब्लॉक नीलामी से पहले लैंड शेड्यूलिंग और बंद व उपेक्षित खदानों के निस्तारण के लिए SOP भी तैयार की गई है।
राजस्व संग्रह में रिकॉर्ड प्रदर्शन
- वित्तीय वर्ष 2024-25 में 14 हजार करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 14,592 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह
- वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17 हजार करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध दिसंबर तक 10,345 करोड़ रुपये की वसूली
टिन कलेक्शन मॉडल बना आजीविका का मजबूत जरिया
बैठक में बताया गया कि टिन कलेक्शन मॉडल से जुड़े परिवारों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
मुख्यमंत्री ने इसे आजीविका संवर्धन का सफल मॉडल बताते हुए इसे और अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव (खनिज) पी. दयानंद, संचालक रजत बंसल सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



