छत्तीसगढ़रायपुर

“छोटों पर सख्ती, बड़ों पर मेहरबानी? राजकुमार कॉलेज से 1.64 करोड़ की वसूली के बाद उठा बड़ा सवाल

रायपुर, 27 दिसंबर 2025/ नगर निगम रायपुर ने आखिरकार 14 साल बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए राजकुमार कॉलेज से बकाया संपत्ति कर की वसूली कर ली है। कॉलेज ने वर्ष 2012-13 से लेकर 2025-26 तक एक भी पैसा संपत्ति कर के रूप में जमा नहीं किया था। लगातार बकाया रहने पर नगर निगम जोन-5 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 64 लाख रुपए का संपत्ति कर वसूल किया है।

इस बड़ी वसूली के बाद नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना की है। निगम प्रशासन का कहना है कि इस वसूली से नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

लेकिन इस कार्रवाई के साथ ही निगम की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आमतौर पर नगर निगम छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों पर बकाया टैक्स को लेकर तुरंत सीलिंग और कुर्की जैसी कार्रवाई करता है, लेकिन राजकुमार कॉलेज जैसे बड़े संस्थान पर 14 वर्षों तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। इस दौरान सिर्फ नोटिस पर नोटिस जारी होते रहे।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि यह निगम के दोहरे मापदंड को उजागर करता है, जहां आम लोगों पर सख्ती और बड़े संस्थानों पर नरमी दिखाई जाती है।

लगातार उठते सवालों और दबाव के बाद आखिरकार निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है कि इतने वर्षों तक बकाया रहने के बावजूद राजकुमार कॉलेज पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि आगे से किसी भी बकायादार के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी से नियमानुसार कर वसूला जाएगा।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button