बसना को मिली बड़ी सौगात: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से 100 बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति

बसना, 30 अक्टूबर 2025 क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बसना में 100 बिस्तर वाले अस्पताल के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय बसना और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
इस परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में 1806.48 लाख रुपये (अठारह करोड़ छः लाख अड़तालीस हजार) की राशि स्वीकृत की गई है। अस्पताल बनने से स्थानीय नागरिकों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रायपुर या अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
इस स्वीकृति के पीछे बसना क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की सक्रिय पहल और सतत प्रयासों की अहम भूमिका रही। उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को शासन के समक्ष मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप यह मंजूरी मिली।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा— “बसना में 100 बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह निर्णय छत्तीसगढ़ को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा।”
डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा और इससे बसना सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा।
बसना क्षेत्र की जनता ने भी इस निर्णय को “ऐतिहासिक सौगात” बताते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सेवा का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास का प्रतीक भी साबित होगा।



